हरिद्वार | 26 जुलाई, हर्षिता। हरिद्वार में परिवहन विभाग द्वारा नई वाहन पंजीकरण श्रृंखला UK08 BM शुरू होते ही VIP और फैंसी नंबरों के लिए लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। ऑनलाइन ई-नीलामी में वाहन मालिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया, जिसके चलते कई पसंदीदा नंबर लाखों रुपये में बिके। नई सीरीज खुलते ही मिली रिकॉर्डतोड़ प्रतिक्रिया ने यह साबित कर दिया कि फैंसी नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है।
सबसे अधिक चर्चा UK08 BM 0009 नंबर की रही, जिसके लिए ₹5.40 लाख की सबसे ऊंची बोली लगी। वहीं UK08 BM 0001 ₹4.91 लाख, 0007 ₹3.88 लाख, 0008 ₹1.73 लाख, 0002 ₹1.41 लाख और 9000 ₹91 हजार में नीलाम हुआ। इसके अलावा 0005, 0006, 0004, 1111, 8888, 5555, 0101, 0099, 0077 और 0999 जैसे आकर्षक नंबरों पर भी लोगों ने जमकर बोली लगाई।
परिवहन विभाग को हुआ अच्छा राजस्व
फैंसी नंबरों की इस ई-नीलामी से परिवहन विभाग को उल्लेखनीय राजस्व प्राप्त हुआ है। यह न केवल राज्य सरकार की आय में महत्वपूर्ण योगदान है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि लोग अपनी पसंद और पहचान से जुड़े विशेष वाहन नंबरों के लिए बड़ी रकम खर्च करने को तैयार हैं। ऑनलाइन ई-ऑक्शन प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुविधाजनक रही।
क्या बोले एआरटीओ?
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा ने बताया कि नई सीरीज शुरू होते ही नागरिकों ने फैंसी नंबरों में भारी रुचि दिखाई। उन्होंने कहा कि विभाग की ऑनलाइन ई-नीलामी व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी है और इच्छुक नागरिक निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी पसंद का नंबर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फैंसी नंबरों से मिलने वाला राजस्व राज्य सरकार के लिए एक महत्वपूर्ण आय स्रोत है और भविष्य में भी ऐसी ई-नीलामी नियमित रूप से आयोजित की जाती रहेगी।
