हरिद्वार | हर्षिता। कनखल पुलिस ने बुजुर्ग लोगों को मालिश के बहाने निशाना बनाकर उनके सोने के कंगन, अंगूठी, चूड़ी और चेन चोरी करने वाले शातिर ठग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से करीब ₹6 लाख कीमत का सोने का कड़ा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान हंश कुमार पुत्र कंवरभान, निवासी ग्राम उल्हेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। आरोपी पहले भी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है और इसी तरह के मामलों में जेल भी जा चुका है।
मालिश के बहाने बुजुर्गों को बनाता था निशाना
13 जुलाई 2026 को कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत दी कि एक व्यक्ति ने खुद को मालिश करने वाला बताकर उनके हाथ का दर्द ठीक करने का दावा किया। मालिश के दौरान उसने बुजुर्ग से हाथ में पहना सोने का कड़ा उतरवाया और बहते पानी से हाथ धोने के लिए भेज दिया। जैसे ही पीड़ित बाहर गए, आरोपी सोने का कड़ा लेकर फरार हो गया।
शिकायत के आधार पर कनखल थाने में मामला दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय कर डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू की।
पुलिस ने ऐसे दबोचा शातिर
28 जुलाई 2026 को पुलिस टीम ने उल्हेड़ा गांव जाने वाले मार्ग से आरोपी हंश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किया गया सोने का कड़ा भी बरामद कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस की अपील
हरिद्वार पुलिस ने लोगों, विशेषकर अकेले रहने वाले बुजुर्गों, से अपील की है कि किसी भी अजनबी व्यक्ति पर भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति इलाज, मालिश या अन्य बहाने से गहने उतरवाने की बात करे तो तुरंत सतर्क रहें और पुलिस को सूचना दें।
बरामदगी:
लगभग ₹6 लाख कीमत का सोने का कड़ा
कार्रवाई करने वाली टीम:
SHO देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह एवं कांस्टेबल सतेन्द्र रावत।

By DTI