देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर उत्तराखंड की महिलाओं को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश की महिलाएं 28 और 29 अगस्त 2026 को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी।
उत्तराखंड शासन की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर उत्तराखंड परिवहन निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। शासनादेश के मुताबिक, इन दोनों दिनों प्रदेश के भीतर निगम द्वारा संचालित बसों में महिलाओं को 100 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी।
🚌 मायके जाने वाली बहनों को बड़ी राहत
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और परिवार से मिलने के लिए सफर करती हैं। ऐसे में सरकार के इस फैसले से उन्हें निशुल्क और सुगम सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी और यात्रा का आर्थिक बोझ भी कम होगा।
सरकार का उद्देश्य पर्व के दौरान महिलाओं के आवागमन को आसान बनाने के साथ उन्हें आर्थिक राहत देना है।
💰 सरकार करेगी परिवहन निगम के खर्च की भरपाई
शासनादेश में अपर सचिव उत्तराखंड शासन रीना जोशी ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं को निशुल्क यात्रा सुविधा देने से उत्तराखंड परिवहन निगम पर आने वाले व्ययभार की प्रतिपूर्ति राज्य सरकार करेगी।
परिवहन विभाग ने निगम को शासनादेश के अनुरूप तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
🎁 बहनों के लिए धामी सरकार का रक्षाबंधन गिफ्ट
रक्षाबंधन पर महिलाओं को दो दिन मुफ्त बस यात्रा की सुविधा देने का यह फैसला महिला सम्मान, सुविधा और सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल के तौर पर देखा जा रहा है।
यानी 28-29 अगस्त को उत्तराखंड रोडवेज की बसों में सफर करें—किराया नहीं देना होगा।

By DTI