हल्द्वानी: हर्षिता ।नैनीताल पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने लक्ष्मण विहार कॉलोनी में छापेमारी की. छापेमारी में अंतरराष्ट्रीय साइबर सिंडिकेट के मुख्य सरगना समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया. पुलिस के मुताबिक गिरोह म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल था. आरोपियों से मोबाइल, लैपटॉप, एटीएम कार्ड और नकदी बरामद हुई है.
ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत बड़ी सफलता: नैनीताल जिले में साइबर अपराधियों और म्यूल बैंक खातों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन हॉटस्पॉट के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. मुखानी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय साइबर वित्तीय नेटवर्क का पर्दाफाश किया है, जो म्यूल बैंक खातों और अनधिकृत ऐप के जरिए करोड़ों रुपये के अवैध लेनदेन को अंजाम दे रहा था. पुलिस के मुताबिक, 5 और 6 सितंबर की रात लक्ष्मण विहार कॉलोनी में एक मकान पर मुखानी पुलिस, एसओजी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने गिरोह के मुख्य सरगना राहुल यादव समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो विधि-विवादित किशोरों को संरक्षण में लिया गया है.
