हरिद्वार। हर्षिता ।शहर में बिना अनुमति कॉलोनी काटने और अनाधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई तेज कर दी है। 03 सितंबर 2026 को प्राधिकरण की टीम ने गाड़ोवाली रोड और जमालपुर क्षेत्र में कई स्थानों पर चल रहे कथित अवैध प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों के खिलाफ कार्रवाई की।
तीन स्थानों पर चल रही थी अवैध प्लॉटिंग
ईदगाह के पीछे, गाड़ोवाली रोड पर अलीशेर द्वारा करीब 11 बीघा भूमि में कथित रूप से अवैध प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित करने का कार्य किया जा रहा था।
वहीं अंकुर गर्ग की कॉलोनी के पीछे, आम के बाग के पास गाड़ोवाली रोड पर जावेद/संजय आदि संबंधित व्यक्तियों द्वारा करीब 6-7 बीघा भूमि में कथित अवैध प्लॉटिंग के साथ RCC सड़क निर्माण और कॉलोनी काटने का कार्य किए जाने की जानकारी सामने आई।
इसके अलावा गायत्री माता मंदिर के बगल में, राजकीय प्राथमिक विद्यालय के सामने जमालपुर में राज राणा/संबंधित व्यक्ति द्वारा करीब 4-5 बीघा भूमि पर कच्चा रास्ता बनाकर कॉलोनी विकसित करने का कार्य किया जा रहा था।
JCB से ध्वस्त किए गए अनाधिकृत विकास कार्य
प्राधिकरण के अनुसार, इन सभी अनाधिकृत निर्माणों के विरुद्ध संबंधित अधिनियम की धाराओं के तहत वाद दायर किए गए थे। लगातार निर्देश दिए जाने के बावजूद निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया।
इसके बाद प्राधिकरण की टीम ने मौके पर पहुंचकर JCB की सहायता से अनाधिकृत प्लॉटिंग एवं विकास कार्यों को ध्वस्त किया। मौके पर मौजूद संबंधित निर्माणकर्ताओं को बिना स्वीकृति निर्माण कार्य नहीं करने के निर्देश भी दिए गए।
प्राधिकरण की इस कार्रवाई से अवैध रूप से कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति किए जा रहे अनाधिकृत निर्माण एवं प्लॉटिंग के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

By DTI