हरिद्वार, 10 सितंबर 2026। डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूरे होने पर ‘द गोल्डन जुबली लिटरेसी फेस्टिवल—स्वर्ण अक्षर-2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
मुख्य सचिव ने कहा कि आज के तकनीकी और AI के दौर में साहित्य की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है। साहित्य व्यक्ति को सवाल पूछने, चिंतन करने और ज्ञान बढ़ाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने छात्रों से पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर साहित्य पढ़ने और आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति व जड़ों से जुड़े रहने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से तीन सवाल पूछने की बात कही—मैंने क्या सीखा, क्या योगदान दिया और किसकी मदद की?
कार्यक्रम में डीपीएस रानीपुर की 50 वर्षों की यात्रा पर आधारित शॉर्ट फिल्म दिखाई गई। छात्र-छात्राओं ने शास्त्रीय एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं। इस दौरान जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, स्कूल प्रिंसिपल अनुपम जग्गा समेत शिक्षक, विद्यार्थी और अभिभावक मौजूद रहे।

By DTI