रुड़की/झबरेड़ा। Harshita.शनिवार सुबह एक गांव में उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने कथित तौर पर अपनी सगी बहन और उसके साथ मौजूद युवक को गोली मार दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में उपचार के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर हालत में हायर सेंटर ले जाते समय युवती की भी मौत हो गई। एक ही वारदात में दो लोगों की मौत से गांव में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में अमन नामक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में अपनी सगी बहन रूपा और सूरज पुत्र अशोक को गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजन और ग्रामीण दोनों घायलों को आनन-फानन में उपचार के लिए झबरेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे।
अस्पताल में उपचार के दौरान सूरज ने दम तोड़ दिया। वहीं रूपा की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में ही रूपा की भी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी में मामला बहन के कथित प्रेम संबंध से जुड़ा होने की बात सामने आ रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वारदात के कारणों के साथ आरोपी की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
