Haridwar.हरिद्वार के ऋषिकुल ऑडिटोरियम में जिला प्रशासन एवं युवा कल्याण विभाग, प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त तत्वावधान में युवा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सांस्कृतिक ट्रैक के अंतर्गत आयोजित इस महोत्सव में जिले के विभिन्न विकासखंडों से पहुंचे युवाओं और छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी कला एवं रचनात्मकता की सराहना की।
लोक संस्कृति और रचनात्मकता का दिखा अनूठा संगम
युवा महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, गायन, भाषण प्रतियोगिता, नुक्कड़ नाटक, पोस्टर निर्माण, पेंटिंग और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। युवाओं ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक संदेशों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। पूरे आयोजन के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
युवा शक्ति ही प्रदेश की असली ताकत : मदन कौशिक
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आज का युवा नए संकल्प और नई ऊर्जा के साथ हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश के युवा जिला एवं राज्य स्तर से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं तथा उत्तराखंड का नाम रोशन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड खेल भूमि के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए आधुनिक खेल स्टेडियम और राष्ट्रीय स्तर के खेल परिसरों का विकास किया जा रहा है।
मंत्री ने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और भविष्य में बड़े लक्ष्य हासिल करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं।
राज्य स्तर पर भी चमकेंगे जिले के प्रतिभाशाली युवा
आयोजकों के अनुसार जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला युवा कल्याण अधिकारी प्रमोद चंद पांड्ये, मुकेश भट्ट, पूनम मिश्रा, हिमांशु गुप्ता, चंद्रमोहन मिश्रा, शिवकुमार कश्यप, ऋचा गुप्ता एवं संध्या सहित विभिन्न विकासखंडों से आए प्रतिभागी, स्थानीय नागरिक और युवा कल्याण विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे।
