हरिद्वार, 1 नवंबर 2026। Harshita..हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में कुलसचिव के साथ मारपीट और हत्या के प्रयास के मामले में कनखल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में अपनी मांगों को लेकर कई दिनों से धरने पर बैठे कुछ लोगों ने बुजुर्ग कुलसचिव द्वारा सुझाव दिए जाने पर उनके साथ मारपीट की थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया था।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
पुलिस मुख्यालय की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जनपद में अपराधियों और वांछित आरोपियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
गुरुकुल कांगड़ी में कुलसचिव के साथ हुई मारपीट का वीडियो वायरल होने पर कनखल पुलिस ने पहले ही वीडियो में मारपीट करते दिखाई दे रहे चार आरोपियों को धारा 170 BNSS के तहत गिरफ्तार किया था। बाद में आरोपियों ने नगर मजिस्ट्रेट न्यायालय से जमानत प्राप्त कर ली थी।
हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मुकदमा
घटना के संबंध में कुलसचिव की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा अपराध संख्या 419/26 दर्ज किया गया। इसमें भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 190, 191(2)(3), 115(2), 109(1), 352, 351(2)(3), 304 और 324(4) के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
नरेंद्र मलिक पुत्र स्व. जयपाल
ओमबीर सिंह पुत्र भूरा सिंह
उमाशंकर पुत्र स्व. भगवान दत्त शर्मा
तीनों आरोपी गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय क्षेत्र, कोतवाली कनखल, हरिद्वार के निवासी हैं।

By DTI