हरिद्वार, हर्षिता।कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए मेला प्रशासन ने निर्माण कार्यों की निगरानी तेज कर दी है। घाटों के निर्माण और मरम्मत के बाद अब पुलों, सड़कों और फुटपाथों के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। मेलाधिकारी सोनिका के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार निर्माण स्थलों का निरीक्षण कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने खड़खड़ी स्थित सूखी नदी पर निर्माणाधीन डबल लेन स्टील गर्डर पुल और दक्षद्वीप में एस्केप चैनल पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए।
अपर मेलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। कार्यदायी संस्थाएं पर्याप्त संसाधन लगाकर पूरी क्षमता से काम करें, ताकि कुंभ के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
सड़क और फुटपाथ निर्माण में देरी पर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अपर मेलाधिकारी ने पुराने दिल्ली-नीति पास मार्ग पर सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार को निर्देश दिए कि सीसीटीवी नेटवर्क की भूमिगत केबल और सीवरेज लाइन से जुड़े कार्य पूरे हो चुके हैं। ऐसे में सड़क सुधारीकरण और फुटपाथ निर्माण के शेष कार्यों को बिना देरी के पूरा कराया जाए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान प्रमुख मार्गों का सुरक्षित और व्यवस्थित होना बेहद जरूरी है। फुटपाथ बनने से पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी और यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने भी लिया जायजा
कुंभ-2027 की तैयारियों के तहत लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता एवं विभागाध्यक्ष राजेश चंद्र शर्मा, अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह तथा सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता बीसी पांडे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मेला क्षेत्र में निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने सभी कार्यों को तय समयसीमा में पूरा करने और निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
मेला प्रशासन का लक्ष्य है कि कुंभ-2027 से जुड़े सभी प्रमुख स्थायी और अस्थायी निर्माण कार्य समय से पूरे हों, ताकि हरिद्वार पहुंचने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल सकें और कुंभ नगरी की व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद रहें।
