मानसिक रूप से कमजोर और बोलने में असमर्थ थी बच्ची, पुलिस की तत्परता से परिवार में लौटी खुशियां
रुड़की, Harshita। गंगनहर कोतवाली पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता के चलते एक परिवार की खुशियां महज चार घंटे में लौट आईं। घर से अचानक लापता हुई 7 वर्षीय मासूम बच्ची को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटी को सुरक्षित वापस पाकर माता-पिता भावुक हो उठे और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को श्यामनगर निवासी सुमित कुमार ने कोतवाली गंगनहर पुलिस को सूचना दी कि उनकी सात वर्षीय पुत्री घर से अचानक लापता हो गई है। बच्ची मानसिक रूप से कमजोर होने के साथ-साथ बोलने में भी असमर्थ है। परिजनों ने अपने स्तर से काफी तलाश की, लेकिन बच्ची का कोई सुराग नहीं मिल पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगनहर पुलिस ने बिना देरी किए दो टीमों का गठन किया और बच्ची की तलाश शुरू कर दी। पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सघन खोजबीन की और सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली।
पुलिस की लगातार मेहनत और त्वरित कार्रवाई रंग लाई। महज चार घंटे के भीतर पुलिस ने लापता बच्ची को सकुशल खोज निकाला। इसके बाद परिजनों को सूचना देकर बच्ची को उनके सुपुर्द कर दिया गया।
लंबे इंतजार और चिंता के बाद बेटी को सुरक्षित देखकर माता-पिता की आंखें भर आईं। उन्होंने गंगनहर पुलिस की कार्यशैली, तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की जमकर सराहना की।
बच्ची की तलाश में जुटी पुलिस टीम:
व0उ0नि0 धर्मेन्द्र राठी
उ0नि0 नवीन कुमार
कांस्टेबल संजय कुमार
कांस्टेबल रणवीर
