हरिद्वार। Harshita कुंभ मेला-2027 के भव्य आयोजन को लेकर हरिद्वार में तैयारियां तेज हो गई हैं। मेला प्रशासन ने स्थाई और अस्थाई निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। कुंभ क्षेत्र में जहां 19 अस्थाई पुलों का निर्माण कराया जा रहा है, वहीं अस्थाई विद्युतीकरण के लिए तीन हजार से अधिक विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं।
सोमवार को सीसीआर सभागार में मेलाधिकारी सोनिका ने कुंभ मेला-2027 से जुड़े विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्माण कार्यों की विभागवार प्रगति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि अब किसी भी कार्य में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रात में भी होगा निर्माण कार्यों का निरीक्षण
मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए जरूरत के अनुसार श्रमिकों की संख्या बढ़ाई जाए और दिन-रात काम कराया जाए। उन्होंने मेला प्रशासन एवं सेक्टरों में तैनात अधिकारियों को रात के समय भी निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
मलबा नहीं हटाया तो कार्यदायी संस्थाओं पर होगी कार्रवाई
सोनिका ने सख्त निर्देश दिए कि जिन निर्माण स्थलों पर काम पूरा हो चुका है या अंतिम चरण में है, वहां से निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मलबा अथवा निर्माण सामग्री पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
सात अस्थाई पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू करने के निर्देश
कुंभ क्षेत्र में प्रस्तावित सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने को कहा गया है। इसके अलावा सभी सेक्टरों में शिविर स्थलों की लेवलिंग, साफ-सफाई और आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। शिविर स्थलों पर बिजली, पेयजल, शौचालय और संपर्क मार्गों की व्यवस्था समय रहते सुनिश्चित की जाएगी।
बैरागी कैंप से पंतद्वीप तक तैयारियां अंतिम चरण में
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला व्यवस्थाओं के तहत हरिद्वार में कुल 19 अस्थाई पुल बनाए जा रहे हैं। वहीं, अस्थाई विद्युत व्यवस्था के लिए तीन हजार से अधिक पोल लगाए जा रहे हैं। विभिन्न सेक्टरों में अस्थाई सड़कों के निर्माण, पेयजल लाइनों को बिछाने और शिविर स्थलों के समतलीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
बैरागी कैंप, गौरीशंकर, दक्षद्वीप और पंतद्वीप जैसे प्रमुख सेक्टरों में अधिकांश कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। इन क्षेत्रों में टेंट और शौचालय स्थापित करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।
मेलाधिकारी ने दोहराया कि कुंभ मेले की तैयारियों में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

By DTI