गौरीकुंड, हर्षिता।उत्तराखंड के केदारनाथ के पास गौरीकुंड क्षेत्र में रविवार सुबह हुए हेलिकॉप्टर हादसे में जयपुर निवासी पायलट राजवीर सिंह (37 वर्ष) की मौत हो गई। वे बीते 9 महीने से आर्यन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के लिए उड़ान भर रहे थे। हादसे में कुल 7 लोगों की जान गई है। राजवीर सिंह सेना से लेफ्टिनेंट कर्नल के पद से रिटायर हुए थे और 14 वर्षों तक भारतीय सेना में सेवाएं दे चुके थे। हादसे की जानकारी के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा है।

आखिरी मैसेज के कुछ ही मिनट बाद हुआ क्रैश
रविवार सुबह करीब 5:20 बजे, राजवीर ने कंट्रोल रूम को आखिरी मैसेज भेजा था। उन्होंने कहा कि लैंडिंग के लिए लेफ्ट टर्न कर रहा हूं। इसके कुछ ही क्षण बाद हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश गौरीकुंड के घने जंगलों में हुआ। गढ़वाल रेंज के आईजी के अनुसार, सभी शव बुरी तरह जल चुके हैं, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। डीएनए जांच के बाद ही शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

4 महीने पहले बने थे जुड़वां बेटों के पिता
जयपुर के शास्त्री नगर कॉलोनी निवासी राजवीर सिंह और उनकी पत्नी दीपिका चौहान, जो स्वयं भी सेना में लेफ्टिनेंट कर्नल हैं, 14 साल बाद पहली बार माता-पिता बने थे। चार महीने पहले उनके जुड़वां बेटे हुए थे। राजवीर के पिता गोविंद सिंह, जो बीएसएनएल से रिटायर्ड हैं, ने बताया कि हम पोतों के जलवा पूजन की तैयारियों में लगे थे। लेकिन आज की इस खबर ने सब कुछ खत्म कर दिया।

तीन हेलिकॉप्टरों में से एक हुआ हादसे का शिकार
परिवार को हादसे की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि तीन हेलिकॉप्टर एक साथ केदारनाथ गए थे, जिनमें से दो सुरक्षित लैंड कर गए, जबकि तीसरा जिसे राजवीर उड़ा रहे थे क्रैश हो गया।

By DTI