हल्द्वानी,आधुनिक तकनीकी के साथ बिजली वितरण का सिस्टम अपग्रेड किया जा रहा है। पुराने मीटर हटाकर स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। नैनीताल जिले में 1.88 लाख मीटर बदलने का लक्ष्य है। इसमें करीब 1.25 लाख नए मीटर सिर्फ हल्द्वानी नगर और ग्रामीण खंड में लगने हैं। इनमें से 30 हजार से अधिक मीटर बदल दिए गए हैं, लेकिन परिवर्तन की प्रक्रिया उपभोक्ताओं के लिए मुसीबत बन गई हैं।
नया मीटर लगने के बाद कई इलाकों में लोगों को दोगुना या उससे भी अधिक बिल मिल रहा है। ऐसे में क्षेत्रवासियों का गुस्सा स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ रहा है। ज्यादा बिल आने के आरोपों की बीच अब उपभोक्ताओं की जेब भी हांफने लगी है। हालांकि, ऊर्जा निगम सामने आ रहे मामलों की जांच कराकर सुधार का दावा कर रहे हैं। साथ ही स्मार्ट मीटर को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं।

