हरिद्वार: हर्षिता ।जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 51 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 28 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के लिए भेजा गया।
🟢 आवास से लेकर अतिक्रमण तक उठे मुद्दे
जनसुनवाई में आवास, राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, पेयजल और अतिक्रमण जैसी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
अतमलपुर बौगला निवासी अजय नौटियाल ने भूमि की पैमाइश और कब्जा दिलाने की मांग रखी।
मेहवड़ कलां के किरणपाल ने शजरे में दर्ज रास्ते को मौके पर कायम कराने की गुहार लगाई।
साध्वी बिरजानन्द ने आश्रम के सामने सड़क पर किए गए कब्जे को हटाने की मांग की।
नवोदय नगर के अमित रॉय ने बंद नाली खुलवाने की शिकायत दर्ज कराई।
विनीत शर्मा ने कोविड-19 के दौरान अधिग्रहित वाहन का लंबित भुगतान दिलाने की मांग की।
मुकेश कुमार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत घर दिलाने का अनुरोध किया।
⚠️ अधिकारियों को सख्त निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्र ने स्पष्ट कहा कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
📞 CM हेल्पलाइन शिकायतों पर फोकस
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निस्तारण करें। 36 दिनों से अधिक लंबित मामलों को प्राथमिकता पर निपटाने को कहा गया। फिलहाल L1 पर 457 और L2 पर 92 शिकायतें लंबित हैं, जिनके जल्द समाधान के निर्देश दिए गए।
📋 UCC रजिस्ट्रेशन और स्वच्छता अभियान
बैठक में यूसीसी रजिस्ट्रेशन बढ़ाने के निर्देश देते हुए मतदान सूची को आधार बनाने और 2 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन कराने का लक्ष्य तय किया गया।
साथ ही, 7 फरवरी (शनिवार) को “एक दिन, एक घंटा” अभियान के तहत सभी विभाग अपने कार्यालयों के आसपास 500 मीटर क्षेत्र में सफाई अभियान चलाएंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पी.आर. चौहान सहित जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

By DTI