हरिद्वार | 04 फरवरी 2026,हर्षिता । तीर्थ नगरी हरिद्वार को साफ और स्वच्छ बनाने के उद्देश्य से 07 फरवरी को पूरे जनपद में मेगा सफाई अभियान चलाया जाएगा। ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ थीम पर आयोजित इस अभियान की सफलता के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जिला कार्यालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों, कार्यस्थलों और अधीनस्थ संस्थानों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही जिला पंचायत राज अधिकारी को 318 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से सफाई अभियान सुनिश्चित करने को कहा।
नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को सामाजिक संगठनों, व्यापार मंडलों, धार्मिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर व्यापक स्तर पर अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी, उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, महिला एवं युवक मंगल दलों तथा स्वयंसेवी संस्थाओं से भी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वच्छ हरिद्वार के सपने को साकार करने के लिए जनभागीदारी बेहद जरूरी है, ताकि हरिद्वार देश के सबसे स्वच्छ और सुंदर जनपदों में अपनी अलग पहचान बना सके।
जिलाधिकारी ने सभी जनपदवासियों, सामाजिक और धार्मिक संगठनों, व्यापार मंडलों व जनप्रतिनिधियों से 07 फरवरी को अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक में मुख्य नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी ललित नारायण मिश्रा, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रुड़की दीपक रामचंद सेठ सहित कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

By DTI