खानपुर, हर्षिता।आज दोपहर करीब 1:10 बजे लक्सर–पुरकाजी मार्ग पर ब्राह्मणवाली पुलिया के निकट थाना खानपुर क्षेत्र में एक गंभीर हादसे की सूचना प्राप्त हुई। तुगलपुर स्थित सीएनजी प्लांट से संबंधित दो भारी वाहन, जो सीएनजी गैस से पूर्णतः भरे हुए थे, आपस में जोरदार टक्कर मार बैठे।

टक्कर अत्यंत भीषण थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सीएनजी से भरे वाहनों की टक्कर के चलते आग या विस्फोट की आशंका बनी हुई थी तथा दो गैस सिलेंडरों से लगातार गैस का रिसाव हो रहा था।

सूचना मिलते ही खानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए घटनास्थल से लगभग 200 मीटर पूर्व गोवर्धनपुर एवं खानपुर की ओर से यातायात पूर्णतः बाधित कराया गया।
फायर ब्रिगेड, आपदा नियंत्रण टीम एवं सीएनजी विशेषज्ञों को तत्काल मौके पर बुलाया गया।घायल चालकों को सुरक्षित बाहर निकालकर चिकित्सालय भिजवाया गया साथ ही गैस रिसाव को नियंत्रित कराया गया।

क्रेन मंगवाकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सुरक्षित रूप से सड़क किनारे कराया गया, तत्पश्चात यातायात सुचारू रूप से प्रारंभ कराया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ी अनहोनी टल गई।

घटनास्थल पर क्षेत्राधिकारी लक्सर, प्रभारी निरीक्षक खानपुर, वरिष्ठ उपनिरीक्षक, गोवर्धनपुर चौकी इंचार्ज मय पुलिस बल तथा FSO लक्सर मय टीम स्थिति सामान्य होने तक मौजूद रहे।

स्थानीय जनता द्वारा पुलिस की त्वरित एवं साहसिक कार्रवाई की भूरी-भूरी प्रशंसा की गई।

By DTI