विकासनगर (देहरादून) हर्षिता।। उत्तराखंड के जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर के दो गांव—कन्दाड़ और इन्द्रोली—अपने अनोखे सामाजिक फैसले को लेकर चर्चा में हैं। इन गांवों में शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों में महिलाएं सोने के सिर्फ तीन आभूषण ही पहन सकती हैं। यदि कोई इस नियम का उल्लंघन करता है तो 50 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
यह फैसला 30 अक्टूबर 2025 को ग्राम पंचायत और ग्रामीणों की सामूहिक बैठक में लिया गया था। तब से लेकर अब तक गांव में इस नियम का सख्ती से पालन भी किया जा रहा है।
सामाजिक समानता के लिए लिया गया फैसला
दरअसल, सोने की बढ़ती कीमतों और गांव में आर्थिक असमानता को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। कई गरीब परिवार महंगे गहने नहीं पहन पाते थे, जबकि कुछ परिवार ज्यादा गहने पहनते थे। ऐसे में अमीरी-गरीबी का अंतर दिखाई देता था। इसी भेदभाव को खत्म करने के लिए ग्रामीणों ने यह सामाजिक नियम बनाया।
शादियों में दिखा नियम का असर
फैसले के बाद गांव में अब तक 2 से 3 शादियां हो चुकी हैं और सभी समारोहों में महिलाओं ने इस नियम का पालन किया। महिलाएं मंगलसूत्र, कान के झुमके और नाक में फुली जैसे तीन ही गहने पहनकर शामिल हुईं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह फैसला समानता, सादगी और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है, जिसे गांव के लोग पूरी जिम्मेदारी के साथ निभा रहे हैं।

By DTI