हरिद्वार, 12 अप्रैल 2026, हर्षिता। नगर निगम हरिद्वार द्वारा अतिक्रमण के खिलाफ छेड़ा गया विशेष अभियान लगातार छठे दिन भी पूरे जोर-शोर से जारी रहा। जिलाधिकारी हरिद्वार एवं नगर आयुक्त के निर्देशों के तहत चलाए जा रहे इस अभियान में शहर के प्रमुख क्षेत्रों में सख्त कार्रवाई देखने को मिली।
आज की कार्रवाई के दौरान सीसीआर चौक और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र में नगर निगम की टीम ने व्यापक अभियान चलाते हुए 30 से अधिक ठेलियों और अस्थायी अतिक्रमणों को हटाकर नष्ट किया। टीम ने सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर किए गए कब्जों को चिन्हित कर मौके पर ही साफ कराया।
अभियान के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई जारी रखी और सभी अतिक्रमणों को हटाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर में कहीं भी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस अभियान में उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक अर्जुन सिंह, प्रशिक्षु सफाई निरीक्षक, अतिक्रमण सहायक आदित्य तेश्वर सहित नगर निगम की पूरी टीम मौजूद रही।

By DTI