नई दिल्ली। महाराष्ट्र के अमरावती जिले से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है, जहां 180 नाबालिग लड़कियों के साथ यौन शोषण के आरोपी के घर पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की है। आरोपी अयान तनवीर के घर के अवैध हिस्सों को तोड़ दिया गया। इस दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो ।
मिली जानकारी के अनुसार, परतवाड़ा शहर में आरोपी के एक मंजिला घर के बाहर बनी लोहे की सीढ़ी को जेसीबी से गिराया गया। यह सीढ़ी अवैध रूप से बनाई गई थी, जिससे पहली मंजिल तक पहुंचा जाता था।


क्या है पूरा मामला?
अचलपुर नगर परिषद की टीम ने यह कार्रवाई की। इस दौरान बीजेपी विधायक प्रवीण तायड़े भी मौके पर मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि नगर परिषद ने पहले ही आरोपी के परिवार को अतिक्रमण को लेकर नोटिस जारी किया था। इसके बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, 19 साल के मोहम्मद अयान को 11 अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था। उस पर आरोप है कि वह लड़कियों को ‘लव ट्रैप’ में फंसाता था और उन्हें मुंबई व पुणे ले जाकर उनके अश्लील वीडियो बनाता था।
बताया गया है कि आरोपी ने करीब 350 अश्लील वीडियो बनाए थे। इन वीडियो के जरिए वह लड़कियों को ब्लैकमेल करता था।सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद मामला सामने आया और पुलिस ने कार्रवाई की। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी व्हाट्सऐप और स्नैपचैट ग्रुप के जरिए नाबालिग लड़कियों को निशाना बनाता था।
राजनीतिक कनेक्शन
मोहम्मद अयान का नाम एक राजनीतिक पार्टी से भी जुड़ा बताया गया था। कहा गया कि वह पहले AIMIM से जुड़ा हुआ था। हालांकि, पार्टी ने इस मामले से खुद को अलग कर लिया है।
पार्टी के जिला अध्यक्ष ने साफ कहा कि आरोपी का अब पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत चुनाव के दौरान उसे सोशल मीडिया का काम दिया गया था, लेकिन काम सही न करने पर उसे पहले ही निकाल दिया गया था।
अब तक की पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने 14 अप्रैल को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे सात दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। इस मामले में तीन और लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनमें उजर खान शामिल है।
पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और उसमें मौजूद डेटा की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इन वीडियो को और किन लोगों के साथ शेयर किया गया था।
