खटीमा: देहरादून, हर्षिता।सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और एसओजी (Special Operations Group) की संयुक्त टीम को भारत नेपाल सीमा पर बड़ी सफलता मिली है. बनबसा-इंडो नेपाल सीमा पर दो गंभीर धोखाधड़ी मामले के वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्येंद्र सिंह भसीन निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है.

आरोपी ने ग्रेटर नोएडा में दो गंभीर धोखाधड़ी के मामले को अंजाम दिया था. यूपी पुलिस की सूचना पर बनबसा बॉर्डर पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. बनबसा-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल व चंपावत एसओजी ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ग्रेटर नोएडा के दो गंभीर धोखाधड़ी मामलों में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है.

इस ऑपरेशन में थाना बनबसा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल (SSB) व उत्तर प्रदेश पुलिस की CRT/SWAT-2 और SOG टीम शामिल रही. गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान सत्येन्द्र सिंह भसीन पुत्र जसवंत सिंह भसीन निवासी पश्चिमी दिल्ली के रूप में हुई है. थाना बनबसा पुलिस टीम शारदा बैराज क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी. इसी दौरान नोएडा पुलिस की विशेष टीम से सूचना मिली कि वांछित आरोपी नेपाल सीमा के आसपास है.

सूचना मिलते ही कैनाल गेट चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. जांच के दौरान नेपाल से लौट रही एक संदिग्ध इनोवा कार को शारदा बैराज पुल के पास रोका गया. पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान बताई और पुष्टि हुई कि वह नोएडा के धोखाधड़ी मामलों में वांछित है.

अभियुक्त के कब्जे से संयुक्त टीम ने चार फर्जी आधार कार्ड (अलग-अलग पतों पर), एक Apple iPad, चार मोबाइल फोन, एक पेन ड्राइव, पावर बैंक व डायरी सहित नकद ₹30,540 बरामद किए. जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट गौतमबुद्ध नगर द्वारा गैर-जमानती वारंट पहले से जारी था.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तारी के दौरान सभी कानूनी प्रक्रियाओं और सर्वोच्च न्यायालय व मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया. आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए थाना बीटा-2, ग्रेटर नोएडा भेजा जा रहा है. सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता इस संयुक्त अभियान ने एक बार फिर साबित किया है कि सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और अंतर्राज्यीय अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है.

By DTI