हरिद्वार | हर्षिता।हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के अंतर्गत कोतवाली रानीपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को अवैध नशीली दवाइयों के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 02 मई 2026 की रात सुमननगर क्षेत्र में गढ़मीरपुर पथरी पुल तिराहे पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर जाते हुए रोका। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride & Dicyclomine Hydrochloride (SPASMORE) 385mg के कुल 480 प्रतिबंधित नशीले कैप्सूल बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम पुत्र मतलूब निवासी ग्राम भोगपुर, कोतवाली लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह नशीली दवाइयां अपने एक साथी से लेकर आया था, जो न्यू शिफा मेडिकल स्टोर, दौड़वसी नसीरपुर कला, थाना पथरी का निवासी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया गया है।
हरिद्वार पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

By DTI