देहरादून: हर्षिता।पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है और उत्तराखंड भी इससे अछूता नहीं रहा। राजधानी देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जमकर जीत का जश्न मनाया।
जैसे ही सूचना मिली कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी जश्न में शामिल होने पहुंच रहे हैं, भाजपा मुख्यालय में नेताओं और कार्यकर्ताओं की भीड़ बढ़ने लगी। मुख्यमंत्री के पहुंचते ही माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।
मुख्यमंत्री धामी ने मुख्यालय के बाहर मौजूद एक स्टॉल से झालमुड़ी ली और अपने हाथों से कार्यकर्ताओं व नेताओं को खिलाकर जीत की खुशी साझा की। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।
इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री खजान दास समेत कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बंगाली समुदाय की महिलाएं भी इस खास मौके पर भाजपा मुख्यालय पहुंचीं।
मुख्यालय में नेता और कार्यकर्ता रंग-गुलाल में सराबोर नजर आए और देशभक्ति गीतों पर जमकर झूमे।
भाजपा संगठन महामंत्री अजय कुमार ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए कहा कि “पश्चिम बंगाल में आज नए युग की शुरुआत हुई है। उत्तराखंड के कार्यकर्ताओं ने भी वहां जाकर कड़ी मेहनत की, जिसका परिणाम आज सामने है।”
वहीं भाजपा प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि “पश्चिम बंगाल में भाजपा ने इतिहास बदल दिया है, इसलिए आज हम झालमुड़ी के साथ जीत का जश्न मना रहे हैं।”
प्रदेश महामंत्री दीप्ति भारद्वाज ने कहा कि यह जीत भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास की जीत है।
देहरादून भाजपा मुख्यालय में देर रात तक जश्न का सिलसिला जारी रहा और जीत की खुशी में पूरा माहौल उत्साह से भर गया।

By DTI