हरिद्वार | अप्रैल 2026, हर्षिता। जनपद हरिद्वार में डेंगू के संभावित खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि डेंगू और चिकनगुनिया जैसी वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने नगर निकायों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर साफ-सफाई अभियान, फॉगिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने की योजना बनाई है। लोगों से अपील की गई है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, ताकि मच्छरों के पनपने पर रोक लगाई जा सके।
स्वास्थ्य विभाग समाचार पत्रों, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लगातार जागरूकता अभियान चलाएगा। लोगों को डेंगू के लक्षण, बचाव और समय पर उपचार की जानकारी दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. आर.के. सिंह ने कहा कि डेंगू नियंत्रण में मीडिया की भूमिका भी बेहद अहम है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि कहीं जलभराव या मच्छरों की अधिक समस्या दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचना दें।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जनसहभागिता और जागरूकता से ही डेंगू पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।

By DTI