हरिद्वार: हर्षिता।चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ मेले को लेकर हरिद्वार प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को खुद हर की पौड़ी से भीमगोड़ा क्षेत्र तक पहुंचकर अतिक्रमण की स्थिति का जायजा लिया और मौके पर ही सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने पाया कि कई दुकानदार फुटपाथ और नालियों के ऊपर दुकानें संचालित कर रहे थे, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इस पर उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए आगे बढ़ी दुकानों को पीछे हटवाया और स्पष्ट चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों पर किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
डीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा और कांवड़ मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचते हैं, ऐसे में उनकी सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित विभागों को नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
प्रशासन का कहना है कि यात्रा सीजन के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस दौरान तहसीलदार सचिन कुमार और हर की पौड़ी चौकी इंचार्ज संजीत कंडारी भी मौजूद रहे।
