चंपावत: दिव्या टाइम्स इंडिया। उत्तराखंड के चंपावत में नाबालिग गैंगरेप का सनसनीखेज मामला अब पूरी तरह पलट गया है। जिस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया था, पुलिस जांच में वही मामला अब एक सुनियोजित साजिश के रूप में सामने आया है।
चंपावत एसपी रेखा यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बड़ा खुलासा करते हुए साफ कहा कि नाबालिग के साथ गैंगरेप की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं जांच में शामिल सीएमओ ने भी मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म की बात से इनकार किया है।
पुलिस के मुताबिक, 6 मई 2026 को नाबालिग के पिता ने कोतवाली चंपावत में शिकायत दर्ज कर आरोप लगाया था कि उनकी 16 वर्षीय बेटी के साथ तीन लोगों ने गैंगरेप किया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए 10 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई।
जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मेडिकल रिपोर्ट और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की गई, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। पुलिस का दावा है कि बदले की भावना में नाबालिग को बहला-फुसलाकर पूरा घटनाक्रम रचा गया था।
एसपी रेखा यादव के मुताबिक, इस कथित साजिश का मास्टरमाइंड कमल रावत है, जिसने पूरे मामले को प्लान किया। फिलहाल पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह खुलासा सामने आने के बाद पूरे जिले में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

By DTI