हरिद्वार हर्षिता।हरिद्वार पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत कुख्यात पिल्ला गैंग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके तीन मास्टरमाइंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गैंग को नशा, पैसा और हथियार उपलब्ध कराकर वारदातों को अंजाम दिलाने में मदद करते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गैंग का नेटवर्क भूपतवाला, कोतवाली नगर, ज्वालापुर, कनखल, पथरी और लक्सर तक फैला हुआ है। अब तक इस मामले में 9 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य संदिग्धों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की तैयारी की जा रही है।
कनखल क्षेत्र में लगातार हो रही मारपीट और आपराधिक घटनाओं के बाद पुलिस ने सादे कपड़ों में टीम तैनात कर निगरानी शुरू की थी। इसी दौरान 4 मई को प्रणव शर्मा के साथ हुई मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमे की जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर 10 मई को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कुशलपाल निवासी बैरागी कैंप कनखल, आकाश कुमार निवासी बिजनौर और हिमांशु उर्फ जौनी निवासी बिजनौर शामिल हैं।
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आरोपियों के खिलाफ जल्द गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जाएगी।

By DTI