बहादराबाद, हर्षिता।: नहर पटरी मार्ग से सटे जंगल क्षेत्र में शहद उत्पादन के लिए बड़ी संख्या में रखे गए मधुमक्खी बॉक्स अब राहगीरों और स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गए हैं। लगातार मंडराती मधुमक्खियों की वजह से इस रास्ते से गुजरना जोखिम भरा हो गया है।
स्थानीय निवासी सुरेश, हरिओम, बलदेव, विकास थापा और दिलावर ने बताया कि वे परिवार के साथ सुबह-शाम टहलने के लिए नहर पटरी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन हाल ही में अज्ञात लोगों द्वारा रास्ते के किनारे बड़ी संख्या में मधुमक्खी बॉक्स रख दिए गए हैं।
लोगों का कहना है कि इससे खासकर बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया है। कई बार राहगीर मधुमक्खियों के हमले से बाल-बाल बच चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इन बॉक्सों को आबादी और सार्वजनिक मार्ग से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराया जाए ताकि किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
इस मामले में उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ भारत भूषण ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। संबंधित अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही मधुमक्खी बॉक्स हटवाने की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इलाके के लोग डर के साए में नहर पटरी मार्ग पर आवाजाही करने को मजबूर हैं।

By DTI