नैनीताल: दिव्या टाइम्स इंडिया। उत्तराखंड के नैनीताल में कार हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई. हादसा भवालीगांव बाईपास पर हुआ है. पर्यटकों की कार 60 मीटर गहरी खाई में गिरी. कार सवार सभी 5 लोगों की मौत की प्रशासन ने पुष्टि की है. सभी उत्तर प्रदेश के रहने वाले बताए जा रहे हैं. घटना करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है.

बताया जा रहा है कि भवाली स्थित ढैला गांव के पास एक यूपी नंबर की कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी. सभी पर्यटक लखनऊ से नैनीताल घूमने आए थे, लेकिन कैंची धाम क्षेत्र में कार अनियंत्रित होकर करीब 60 फीट गहरी खाई में जा गिरी.

कैंची धाम क्षेत्र में फूड वैन लगाने वाले एक व्यक्ति द्वारा कार को खाई में गिरते देखा. जिसके बाद घटना की सूचना तत्काल 112 के माध्यम से पुलिस को दी गई. वाहन गहरी खाई में गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और सभी लोग वाहन के अंदर गंभीर रूप से घायल अवस्था में फंसे हुए थे. SDRF, पुलिस व स्थानीय लोगों ने साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाते हुए सभी घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

बताया जा रहा है सभी लोग बीते 19 मई को नैनीताल घूमने पहुंचे थे और आज 21 मई को कैंची धाम क्षेत्र से लगे भवाली गांव में अपने किसी परिचित के घर जा रहे थे. इसी दौरान उनकी कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी. हादसे में पिता, पुत्र, मां, बेटी और ड्राइवर की मौत हो गई.

By DTI