रामनगर: हर्षिता।नैनीताल जिले की पर्यटन नगरी रामनगर में जंगल सफारी का रोमांच उस वक्त खौफ में बदल गया, जब ढिकुली क्षेत्र के रहने वाले एक प्रसिद्ध वन्यजीव प्रेमी की जिप्सी के अंदर अचानक एक विशालकाय अजगर निकल आया. यह घटना तराई पश्चिमी के हाथीडंगर पर्यटन जोन के मुख्य द्वार के पास हुई. जिप्सी के अंदर अजगर निकलने पर अफरा-तफरी मच गई. कुछ देर के लिए पूरा माहौल दहशत में बदल गया.

जंगल सफारी के दौरान जिप्सी में निकला अजगर: जानकारी के अनुसार, ढिकुली स्थित एक रिसॉर्ट से टूरिस्टों को लेकर वन्यजीव प्रेमी संजय छिम्वाल की जिप्सी हाथीडंगर जोन की ओर जा रही थी. जैसे ही जिप्सी पर्यटन जोन के मुख्य द्वार के पास पहुंची, अचानक वाहन के अंदर एक बड़ा अजगर दिखाई दिया. अजगर को देखते ही जिप्सी में बैठे पर्यटकों की धड़कनें बढ़ गईं और कुछ पल के लिए सभी घबरा गए.

जिप्सी में अजगर देखकर घबरा गए पर्यटक: हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम में जिप्सी चालक की सूझबूझ और सतर्कता सबसे अहम साबित हुई. चालक ने बिना घबराए स्थिति को संभाला और बेहद सावधानी के साथ सभी टूरिस्टों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इसके बाद तुरंत वन विभाग को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर अजगर को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और उसे हाथीडंगर के जंगल में ही छोड़ दिया गया

इस घटना ने एक बार फिर यह साफ कर दिया कि जंगल सफारी जहां रोमांच से भरपूर होती है, वहीं इसमें जोखिम भी कम नहीं होता. वन्यजीवों के बीच सफर के दौरान कभी भी ऐसे अप्रत्याशित हालात सामने आ सकते हैं, जो कुछ ही पलों में स्थिति को खतरनाक बना सकते हैं.

सभी पर्यटक सुरक्षित: गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई भी पर्यटक या चालक घायल नहीं हुआ और सभी सुरक्षित रहे. घटना के बाद टूरिस्टों ने राहत की सांस ली और इसे अपनी जिंदगी का सबसे अलग, रोमांचक लेकिन खौफनाक अनुभव बताया. फिलहाल इस घटना के बाद जंगल सफारी के दौरान सुरक्षा और सतर्कता को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है.

By DTI