हर्षिता, कलियर )। कलियर में उप्र सिंचाई विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ दोबारा सख्त कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर बनी करीब 30 अस्थायी अवैध दुकानों को हटवा दिया।

दो दिन पहले अतिक्रमण मुक्त कराई गई जमीन पर फिर से कब्जा किए जाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

उप्र सिंचाई विभाग की ओर से शनिवार को अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। विभागीय अधिकारियों की टीम ने सबसे पहले पीर गैब अली शाह रोड का निरीक्षण किया, जहां दो दिन पूर्व सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाया गया था।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ लोगों ने फिर से अस्थायी दुकानें लगाकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अवैध दुकानों को हटवा दिया और संबंधित लोगों को कड़ी चेतावनी दी।

इसके बाद टीम ने पीपल चौक और धनौरी रोड क्षेत्र में अभियान चलाकर करीब 30 अस्थायी अवैध दुकानों को हटाया।

बुलडोजर की मदद से सरकारी भूमि पर किए गए कब्जों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कई दुकानदारों ने कार्रवाई से पहले ही अपना सामान समेट लिया।

हालांकि स्थानीय लोगों ने रुड़की रोड स्थित पार्किंग क्षेत्र में लंबे समय से संचालित कुछ अवैध दुकानों पर कार्रवाई न होने पर सवाल भी उठाए। लोगों का कहना है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सभी स्थानों पर समान रूप से होनी चाहिए।

By DTI