हरिद्वार: Harshita.धर्मनगरी हरिद्वार से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां घर के बाहर खेल रही तीन साल की मासूम बच्ची अचानक लापता हो गई। मासूम के गायब होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, जबकि इलाके में सनसनी फैल गई। मामला इतना गंभीर निकला कि पुलिस महकमा भी तुरंत हरकत में आ गया।
घटना कनखल थाना क्षेत्र के बैरागी कैंप, ठोकर नंबर-10 की है, जहां शनिवार सुबह करीब 10:30 बजे तीन वर्षीय मासूम राधिका अपने घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई। परिजनों ने पहले अपने स्तर पर बच्ची की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो पुलिस को सूचना दी गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें एक महिला और पुरुष मासूम बच्ची को गोद में लेकर जाते हुए दिखाई दिए। चौंकाने वाली बात यह रही कि दोनों संदिग्ध बाद में एक टेंपो में बैठकर मौके से फरार होते नजर आए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि संदिग्धों ने मासूम को खाने-पीने की चीजों का लालच देकर अपने झांसे में लिया। जानकारी के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने बस्ती से कुछ दूरी पर स्थित एक दुकान से बच्ची को बिस्किट का पैकेट भी खरीदकर दिया, जिससे बच्ची उनके साथ सहज हो गई। यही वजह रही कि मासूम ने न रोना शुरू किया और न ही विरोध किया, जिसके कारण आसपास मौजूद लोगों को भी कोई शक नहीं हुआ।
घटना के बाद कनखल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और संदिग्धों के फोटो भी जारी कर दिए गए हैं। पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं और सीसीटीवी के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि बच्ची की सकुशल बरामदगी के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि किसी को बच्ची या सीसीटीवी में दिखाई दे रहे महिला-पुरुष के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
हरिद्वार पुलिस ने मीडिया और आमजन से बच्ची की जल्द बरामदगी के लिए सूचना का अधिक से अधिक प्रसार करने की अपील की है।
