हरिद्वार, 25 जून, हर्षिता। लक्सर विकासखंड कार्यालय सभागार में ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार की अध्यक्षता में क्षेत्र समिति (बीडीसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं और विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
बैठक के दौरान ग्राम पंचायत भीकमपुरा, मखालीपुर, खानपुर ब्रह्मपुर, मुंडाखेड़ा और सेठपुर के प्रधानों ने पेयजल आपूर्ति, पानी की गुणवत्ता, कम प्रेशर, टूटे हुए कनेक्शन तथा सड़कों में गड्ढों जैसी समस्याओं को सदन के समक्ष रखा।
इसके अलावा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, सिंचाई, लोक निर्माण, पंचायती राज, पशुपालन, विद्युत और खाद्य आपूर्ति विभागों से संबंधित शिकायतों पर भी चर्चा हुई।
ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार ने कहा कि क्षेत्र की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने भी संबंधित विभागों के अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि बजट से संबंधित विषयों को शासन स्तर पर भेजा गया है। साथ ही मुंडाखेड़ा में पेयजल कनेक्शन का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में स्वच्छता अभियान को लेकर भी चर्चा हुई और ग्राम प्रधानों व क्षेत्र समिति सदस्यों से गांवों में साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग की अपील की गई।
बैठक का संचालन खंड विकास अधिकारी परवीन भट्ट ने किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी धर्मवीर सिंह, नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी, ग्राम प्रधान, क्षेत्र समिति सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
