अल्मोड़ा | 29 जून 2026, हर्षिता।उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। जिले के लमगड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। भीषण हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना चायखान-बलिया बेगनिया मोटर मार्ग पर हुई। कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और सैकड़ों फीट गहरी खाई में जा समाई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष लमगड़ा प्रमोद पाठक के नेतृत्व में कठिन परिस्थितियों के बीच रेस्क्यू अभियान चलाया गया। दुर्गम क्षेत्र होने के बावजूद पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से वाहन में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक चार लोगों की मौत हो चुकी थी।
दुर्घटना में घायल दो लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे में जान गंवाने वाले
राजेन्द्र सिंह बिलवाल (40 वर्ष), निवासी ग्राम बलिया
जगदीश सिंह (35 वर्ष), निवासी ग्राम बलिया
लछम सिंह (56 वर्ष), निवासी ग्राम बलिया
पान सिंह (55 वर्ष), निवासी ग्राम बलिया
हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक ही क्षेत्र के चार लोगों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

By DTI