हरिद्वार: हर्षिता। नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार-2026’ के तहत हरिद्वार पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने 1 किलो 488 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक दिव्यांग आरोपी को गिरफ्तार किया है। गांजा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही स्कूटी (UK08BC-4248) को भी पुलिस ने सीज कर दिया है।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को नहर पटरी रोड स्थित पुराने पावर हाउस के आगे पुलिया के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध स्कूटी सवार को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 1.488 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। आरोपी की पहचान उस्मान पुत्र नूर अहमद, निवासी ग्राम लादपुर कला, कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी दिव्यांगता की आड़ में नशे की तस्करी कर रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हरिद्वार पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी।

By DTI