हरिद्वार: हर्षिता।आगामी कांवड़ मेला-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह ने जनपद के सभी पुलिस राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक में मेले की तैयारियों का विस्तृत जायजा लेते हुए अब तक किए गए कार्यों की समीक्षा की गई।
एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा प्रबंधन और संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रत्येक अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन सुनिश्चित करें।
बैठक में मेला ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखते हुए प्रभावी पुलिसिंग करने, त्वरित रिस्पॉन्स देने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने स्पष्ट किया कि कांवड़ मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

By DTI