हरिद्वार | 3 जुलाई 2026, Harshita.
उत्तराखंड में महिला सशक्तीकरण और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। हरिद्वार में शुक्रवार को प्रदेश का पहला ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट शुरू किया गया। यह आउटलेट ग्रामोत्थान (रीप) परियोजना और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के सहयोग से स्थापित हुआ है, जबकि इसका संचालन श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता करेगी।
यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के साथ-साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के महिला सशक्तीकरण और ‘लखपति दीदी’ विजन को नई मजबूती देने वाली मानी जा रही है।
अब स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए जैविक उत्पाद, मिलेट आधारित खाद्य सामग्री, मसाले, हस्तशिल्प, पारंपरिक वस्तुएं और स्थानीय उत्पाद एक ही स्थान पर बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इससे महिलाओं को अपने उत्पादों का स्थायी बाजार मिलेगा और उनकी आय में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर श्रद्धा महिला स्वायत्त सहकारिता और आईओसीएल के बीच एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए गए। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे रिटेल आउटलेट खोले जाएंगे।
रीप की राज्य परियोजना निदेशक झरना कामठान ने कहा कि यह आउटलेट महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। वहीं मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने कहा कि महिला स्वयं सहायता समूहों को बाजार उपलब्ध कराने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।
धार्मिक और पर्यटन नगरी हरिद्वार में स्थापित यह पहला हिलांस रिटेल आउटलेट देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों तक उत्तराखंड के स्थानीय उत्पाद पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। इससे महिलाओं की आय बढ़ेगी, स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी और राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
हरिद्वार में खुला उत्तराखंड का पहला ‘हिलांस’ रिटेल आउटलेट, महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया मंच
