हरिद्वार | 7 जुलाई 2026, हर्षिता। हरिद्वार में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन ने लक्ज़री बसों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाली बसों पर कड़ी कार्रवाई की।
15 बसों के चालान, 2 बसें सीज़
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने बताया कि एआरटीओ (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान लक्ज़री बसों के परमिट, फिटनेस, बीमा, टैक्स, ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक दस्तावेजों की गहन जांच की गई।
जांच में अनियमितताएं मिलने पर 15 लक्ज़री बसों के चालान किए गए, जबकि गंभीर नियम उल्लंघन के मामलों में 2 बसों को सीज़ कर दिया गया। वहीं तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी खामियां मिलने पर 4 बसों की फिटनेस निरस्त करने की संस्तुति भी की गई है।
काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में रही विशेष निगरानी
अभियान के दौरान काश्यप धर्मशाला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी गई, ताकि कोई भी बस अवैध रूप से रुककर यात्रियों को न चढ़ाए या उतारे। प्रशासन ने सभी बसों का संचालन केवल निर्धारित स्थानों से ही सुनिश्चित कराया।
एक दिन में 60 वाहनों पर कार्रवाई
परिवहन विभाग ने अभियान के दौरान कुल 60 वाहनों के चालान किए, जिनमें 15 लक्ज़री बसें शामिल रहीं। विभाग ने साफ किया कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
परिवहन विभाग ने वाहन स्वामियों और संचालकों से सभी दस्तावेज अद्यतन रखने और मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के नियमों का पालन करने की अपील की है। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

By DTI