हरिद्वार/देहरादून/नैनीताल/टिहरी:हर्षिता।  उत्तराखंड में मानसून की बारिश जमकर हो रही है. जिससे कई जगहों पर सड़कें बाधित हैं, तो कहीं नदी नाले उफनाए हुए हैं. मौसम विभाग की मानें तो 9 जुलाई को भी कुछ जिलों में कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. जिसे देखते हुए देहरादून, नैनीताल, उधम सिंह नगर जिले में 9 जुलाई को स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे.

बता दें कि भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की घई गहै. इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज बौछारें पड़ सकती है. जिसे देखते हुए चेतावनी के तौर पर 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट किया गया है.

देहरादून जिले में स्कूल रहेंगे बंद: वहीं, भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए देहरादून जिलाधिकारी आशीष चौहान ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 9 जुलाई यानी गुरुवार को कक्षा 1 से 12 वीं तक संचालित सभी शासकीय, अशासकीय एवं निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है. जिसका पालन सभी स्कूलों को करना होगा.

नैनीताल में स्कूलों में रहेगी छुट्टी: मौसम विज्ञान विभाग की ओर से 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद नैनीताल जिला प्रशासन ने भी बड़ा फैसला लिया है. भारी से बहुत भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी स्कूलों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है.

नैनीताल जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है. मौसम विभाग के अनुसार जिले में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा भी बना हुआ है.

By DTI