हरिद्वार , हर्षिता,खड़खड़ी क्षेत्र में देर रात हंगामा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला हालात; CCTV और वायरल वीडियो के आधार पर जांच शुरू
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के खड़खड़ी क्षेत्र में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक महिला से कथित छेड़छाड़ के आरोप को लेकर स्थानीय लोगों और यात्रियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि गुस्साई भीड़ ने हरियाणा से आए दो युवकों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जबकि मौके पर मौजूद कई लोग बीच-बचाव करने के बजाय मोबाइल से वीडियो बनाते नजर आए।
महिलाओं ने लगाए अभद्रता के आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ महिलाओं ने आरोप लगाया कि हरियाणा से आए यात्रियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ की। आरोप लगते ही आसपास मौजूद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और दो युवकों को पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।
VIDEO बनाते रहे लोग, बढ़ता गया हंगामा
वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कई लोग युवकों के साथ मारपीट कर रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद कुछ लोग पूरी घटना अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड करते रहे। कुछ लोगों ने भीड़ को शांत कराने की कोशिश भी की, लेकिन गुस्साए लोग काफी देर तक नहीं माने।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही नगर कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आ सके।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हरिद्वार में बाहरी राज्यों से आने वाले कुछ यात्रियों द्वारा महिलाओं से अभद्रता, हुड़दंग और शराब पीकर उत्पात मचाने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। कई मामलों में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है और सार्वजनिक रूप से माफी भी मंगवाई गई है।
क्या बोले कोतवाली प्रभारी?
नगर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि खड़खड़ी क्षेत्र में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वायरल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नोट: फिलहाल छेड़छाड़ के आरोपों की पुलिस जांच जारी है। आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। इसलिए घटना को पुलिस जांच के दायरे में माना जा रहा है।
