पिथौरागढ़: हर्षिता उत्तराखंड की सीमांत पिथौरागढ़ जिले की बेटी आरती धारियाल ने अंतरराष्ट्रीय बॉक्सिंग में देश का परचम लहराया है. रोमानिया में अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में आरती ने 54 किग्राभार वर्ग के फाइनल में मेजबान देश की मुक्केबाज कार्ला लौरा को दूसरे राउंड में आरएससी (RSC) के तहत हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया. आरती की इस जीत से पूरे देश में जश्न का माहौल है.
पिथौरागढ़ की तीन महिला बॉक्सरों ने भारत की झोली में डाले 3 मेडल: बता दें कि बीते 3 दिनों में पिथौरागढ़ की तीन महिला बॉक्सरों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 3 मेडल भारत की झोली में डाले हैं. बीती 15 जुलाई को जकार्ता एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में निकिता चंद और काजल फर्स्वाण ने रजत पदक जीता था. जबकि, रोमानिया में चल रहे गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में पिथौरागढ़ की आरती धारियाल ने भारत का प्रतिनिधित्व किया.
रोमानिया की कार्ला लौरा को हराकर कब्जाया गोल्ड मेडल: 12 जुलाई 2026 से चल रहे अंतरराष्ट्रीय गोल्डन बेल्ट टूर्नामेंट में 54 किग्राभार वर्ग के फाइनल मुकाबले में आरती का सामना मेजबान रोमानिया की कार्ला लौरा से हुआ. आरती ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे ही राउंड में RSC यानी रेफरी स्टॉप्ड कॉन्टेस्ट के तहत मुकाबला अपने नाम कर लिया और स्वर्ण पदक झटक लिया.
