देहरादून/हरिद्वार हर्षिता।: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राहुल गांधी के छात्रों से संवाद कार्यक्रम को पूर्व नियोजित स्क्रिप्ट बताया है. साथ ही कहा कि यह छात्रों का कीमती समय खराब करने वाला ड्रामा भर है. उन्होंने कहा कि आज नीट परीक्षा में सफल 11 लाख से अधिक छात्रों का हौसला बढ़ाने का समय था, लेकिन राहुल गांधी ने रटे रटाए झूठ और अफवाह में समय गंवा दिया.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राहुल ने ऐसा कुछ भी नया नहीं कहा, जिससे लगा वो 20 दिन के अपने विदेश दौरे में नया सीख कर आएं हों. उन्होंने सीधा आरोप लगाया कि कांग्रेसी युवराज नॉन सीरियस और पार्ट टाइम राजनेता हैं. उन्हें देवभूमि गंभीरता से नहीं लेती हैं. लिहाजा अपने एवं कांग्रेस की रिलॉन्चिंग इस मर्तबा भी प्रदेश और देश में सम्भव नहीं है.
महेंद्र भट्ट ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम को कांग्रेसी राजनीति का फ्लॉप शो करारा दिया है और तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस छात्रों के कंधों पर बंदूक रखकर उत्तराखंड में विधानसभा चुनावों पर निशाना लगाना चाहती है. आज का उनका कार्यक्रम, छात्रों से संवाद का नहीं, बल्कि राज्य में अपना जनाधार खो चुकी कांग्रेस और राहुल गांधी को स्थापित करने की एक हताश कोशिश भर है.
पूर्वनियोजित सवाल और उन्हें पूछने वालों को जवाब भी पहले की तरह जवाब भी रटा रटाया मिल है. जिसमें नीट परीक्षा को लेकर वही झूठ, भ्रम और अफवाह फैलाने की कोशिश की, जिसे वो बार बार दोहराते रहते हैं. लगा गर्मियों की छुट्टी में विदेश गए हैं, शायद कुछ तो नया अपडेट होकर आयेंगे. लेकिन कार्यक्रम में मौजूद लोगों को कुछ हाथ नहीं लगा.
उन्होंने राहुल पर तंज कसा कि 21 जून को नीट परीक्षा पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई और राहुल विदेश चले गए. जब लौटे तब तक परीक्षा का परिणाम भी आज आ गया और 11लाख से अधिक छात्रों को सफलता हासिल हुई है. लेकिन लगता है छुट्टी के इन 20 दिनों में राहुल के हाथ कुछ भी महत्वपूर्ण और नकारात्मक जानकारी नहीं लगी. यही वजह है कि परीक्षा प्रणाली और भर्ती प्रक्रिया को लेकर देहरादून में पुनः झूठ और अफवाह फैलाने का काम किया. लेकिन देवभूमि के छात्र एवं युवा बहुत समझदार एवं जागरूक हैं, वे राहुल के झांसे एवं प्रपंच में नहीं फंसने वाले हैं.
