हरिद्वार, 6 अगस्त। हर्षिता। वर्ष 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी भारत को दिलाने के संकल्प के साथ 10 अगस्त को आयोजित होने वाली विशेष कांवड़ यात्रा से पूर्व उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने हरिद्वार में श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के राष्ट्रीय महामंत्री महंत हरि गिरि महाराज एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
10 अगस्त को यह विशेष कांवड़ यात्रा हर की पैड़ी, हरिद्वार से गंगाजल लेकर वीरभद्र महादेव मंदिर, ऋषिकेश तक निकाली जाएगी। यात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था के साथ-साथ वर्ष 2036 में भारत को ओलंपिक खेलों की मेजबानी दिलाने के लिए जनजागरण और राष्ट्रीय संकल्प का संदेश देना है।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि 140 करोड़ भारतीयों की आकांक्षाओं और खेल भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड से उठने वाला यह संकल्प देशभर के खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों की उम्मीदों को नई दिशा देगा। संत समाज का आशीर्वाद इस अभियान को और अधिक ऊर्जा तथा मजबूती प्रदान करेगा।
उन्होंने कहा कि जब आस्था, राष्ट्रहित और खेल संस्कृति एक साथ जुड़ते हैं, तो वह जनआंदोलन का रूप ले लेते हैं। उन्हें विश्वास है कि भगवान भोलेनाथ की कृपा और संतों के आशीर्वाद से भारत का 2036 ओलंपिक मेजबानी का सपना अवश्य साकार होगा।
इस अवसर पर संतों ने भी भारत को वर्ष 2036 में ओलंपिक की मेजबानी मिलने की कामना करते हुए कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या को आशीर्वाद दिया। उन्होंने “विजयी भव, संकल्प सिद्धिरस्तु” का आशीर्वचन देते हुए कहा कि राष्ट्रहित और लोककल्याण के लिए लिया गया संकल्प सदैव सफल होता है।
