हरिद्वार, 20 अगस्त 2026, हर्षिता।। मानसून के दौरान आपदा की किसी भी स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। नगर निगम सभागार, रुड़की में राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला की अध्यक्षता में विभागवार समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भारी बारिश के दौरान किसी भी घटना पर सभी विभाग आपसी समन्वय, त्वरित कार्रवाई और संवेदनशीलता के साथ काम करें। जलभराव वाले क्षेत्रों में शिकायत मिलते ही तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एक सप्ताह में खुलेंगे बंद नाले-नालियां
राज्य मंत्री ने लोक निर्माण विभाग को एक सप्ताह के भीतर जनपद में बंद पड़े सभी नाले-नालियों को खोलने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने और जलभराव की स्थिति पैदा न होने देने को कहा गया।
डेंगू रोकथाम पर विशेष फोकस
मानसून में डेंगू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों को संयुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से जलभराव रोकने, नियमित सफाई, फॉगिंग और जनजागरूकता अभियान प्रभावी रूप से संचालित करने को कहा गया।
गैरहाजिर अधिकारियों पर कार्रवाई
बैठक में कई विभागीय अधिकारियों के अनुपस्थित रहने पर राज्य मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने अपर जिलाधिकारी को संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
जनता की समस्याएं सुनीं
राज्य मंत्री ने क्षेत्रवासियों की समस्याएं भी सुनीं और अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूल परिसरों में झाड़ियों और घास की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को सर्पदंश का खतरा न रहे। साथ ही स्कूलों में दिए जा रहे मिड-डे मील की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा।
सड़क खुदाई और सीवर व्यवस्था पर भी सख्ती
जल निगम, जल संस्थान और सिंचाई विभाग को निर्देश दिए गए कि नगर निगम, नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्रों में बिना विभागीय अनुमति सड़क न खोड़ी जाए। सीवर कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत कराने तथा बंद और चौक सीवर लाइनों को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी वैभव गुप्ता ने अधिकारियों को क्षेत्रवासियों की समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि मानसून के दौरान आपदा प्रबंधन, जलभराव की रोकथाम, डेंगू नियंत्रण समेत सभी व्यवस्थाओं को पूरी तत्परता से लागू किया जाएगा।
इस अवसर पर मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री शोभाराम प्रजापति, नगर आयुक्त रुड़की गोपाल राम बेनीवाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जनप्रतिनिधि, स्थानीय लोग और संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
“एक पौधा मां के नाम” अभियान
बैठक के बाद राज्य मंत्री विनय कुमार रोहिला ने नगर निगम परिसर में “एक पौधा मां के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण किया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया।

By DTI