हरिद्वार, 21 अगस्त 2026। हर्षिता। सड़क सुरक्षा को लेकर हरिद्वार परिवहन विभाग ने रात के समय बड़ा सघन चेकिंग अभियान चलाया। 20 अगस्त की रात चार प्रवर्तन टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 551 यातायात एवं परिवहन संबंधी अभियोग दर्ज किए।
परिवहन सचिव रविनाथ रमन और जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित के निर्देश पर सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। दो विशेष टास्क फोर्स, इंटरसेप्टर वाहन दल और प्रवर्तन टीमों ने जनपद के प्रमुख मार्गों व संवेदनशील स्थानों पर देर रात तक वाहनों की जांच की।
🚨 बिना हेलमेट सबसे ज्यादा मामले
चेकिंग के दौरान सबसे अधिक बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने के 174 मामले सामने आए। इसके अलावा—
49 मामले गलत लेन में वाहन चलाने के
48 मामले वाहन कर एवं कर रसीद से संबंधित
17 मामले वाहनों में अनधिकृत परिवर्तन के
सामने आए।
इसके साथ ही टीमों ने ओवरलोडिंग, वाहन से बाहर निकले असुरक्षित भार, गलत तरीके से बांधे गए माल, बिना परमिट, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र के वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
🍺 शराब पीकर ड्राइविंग पर भी नजर
रात्रिकालीन अभियान के दौरान चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। विभाग ने शराब पीकर वाहन चलाने, गलत लेन, ओवरलोडिंग और बिना वैध दस्तावेजों के वाहन संचालन को सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया।
एआरटीओ प्रवर्तन नेहा झा ने कहा कि रात्रि के समय नियमों का उल्लंघन दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ाता है। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
⚠️ आगे भी होगी औचक कार्रवाई
परिवहन विभाग ने वाहन चालकों और स्वामियों से सभी दस्तावेज वैध रखने, दोपहिया वाहन पर मानक हेलमेट पहनने, लेन व गति सीमा का पालन करने और शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
विभाग ने स्पष्ट किया कि रात्रिकालीन और औचक चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेंगे तथा नियम तोड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
