हरिद्वार, 11 सितंबर 2026, हर्षिता। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमणमुक्त करने के लिए जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शुक्रवार को नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने ललतारौ पुल से बाल्मीकि चौक तक व्यापक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया। कई लोगों ने कार्रवाई से पहले ही अपना सामान समेटना शुरू कर दिया, जबकि अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बरतते हुए अवैध कब्जे हटाए।
नगर मजिस्ट्रेट हर गिरि ने अभियान के दौरान स्पष्ट संदेश दिया कि सार्वजनिक मार्गों और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी भी दी गई।
प्रशासन ने कहा कि शहर की सड़कों, फुटपाथों और सार्वजनिक स्थलों को आमजन के आवागमन के लिए सुगम एवं सुरक्षित बनाए रखना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की बात कही गई है।
अभियान के दौरान जिला प्रशासन, नगर निगम की टीम और पुलिस बल मौजूद रहा।

By DTI