लेबल से लेकर ऑनलाइन विज्ञापन तक मिली अनियमितताएं, FSSAI फोर्टिफाइड लोगो और हेल्थ क्लेम पर मांगा स्पष्टीकरण
हरिद्वार, 11 सितंबर 2026, हर्षिता। खाद्य सुरक्षा विभाग ने भ्रामक विज्ञापनों और खाद्य उत्पादों पर किए जा रहे गलत दावों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। प्रीत लाइट गोल्ड मल्टी सोर्स एडिबल ऑयल के लेबल, विज्ञापन और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर प्रदर्शित जानकारी की जांच के दौरान अनियमितताएं सामने आने के बाद निर्माता कंपनी, अमेजन और अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह को नोटिस जारी किया गया है।
सहायक आयुक्त एवं अभिहित अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने खाद्य तेल का नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया था। जांच के दौरान उत्पाद के लेबल पर अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह की तस्वीर के साथ “खाना बनाओ, स्वाद पाओ” टैगलाइन से प्रचार किए जाने और फोर्टिफाइड फूड का लोगो प्रदर्शित किए जाने की बात सामने आई।
बिना प्रमाणन फोर्टिफाइड लोगो के इस्तेमाल का आरोप
विभाग के अनुसार निर्माता कंपनी एम/एस तपन एग्रो इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड, आगरा द्वारा FSSAI से आवश्यक प्रमाणन के बिना फोर्टिफाइड फूड लोगो का इस्तेमाल किए जाने की बात जांच में सामने आई। इसके अलावा उत्पाद के लेबल पर कई क्लेम और हेल्थ क्लेम भी पाए गए, जिनके समर्थन में दस्तावेज मांगे गए हैं।
कंपनी से विज्ञापन एवं अभिनेत्री के साथ किए गए इंडोर्समेंट से संबंधित एग्रीमेंट, सहमति पत्र और दावों के दस्तावेजीय प्रमाण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह से भी मांगा जवाब
अभिनेत्री अर्चना पूरण सिंह को जारी नोटिस में खाद्य तेल के विज्ञापन और इंडोर्समेंट से संबंधित एग्रीमेंट तथा सहमति पत्र की प्रति उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विज्ञापन में किए गए दावों और उत्पाद के प्रचार से संबंधित जानकारी का स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
अमेजन को भी नोटिस, ऑनलाइन जानकारी पर सवाल
खाद्य सुरक्षा विभाग ने एम/एस अमेजन सेलर सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड, हुबली, कर्नाटक को भी नोटिस जारी किया है। विभाग के मुताबिक अमेजन की वेबसाइट पर उत्पाद की जानकारी अतिशयोक्तिपूर्ण दावों और गलत जानकारियों के साथ प्रदर्शित किए जाने की बात सामने आई है।
अमेजन से वेबसाइट पर प्रदर्शित खाद्य उत्पाद संबंधी दावों और जानकारियों के संबंध में दस्तावेजों सहित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की इस कार्रवाई से खाद्य उत्पादों के विज्ञापन, लेबलिंग और ऑनलाइन बिक्री में किए जाने वाले दावों को लेकर कंपनियों और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर सख्ती का संदेश गया है।

By DTI