17 अक्टूबर तक 12 स्थानों पर लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर, 22 विभाग एक ही छत के नीचे देंगे सरकारी योजनाओं का लाभ
हरिद्वार, 19 सितंबर।, हर्षिता ।आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके घर-द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से हरिद्वार जिले में “सेवा संकल्प अभियान” के तहत “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम शुरू होने जा रहा है। अभियान 22 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 12 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन, पंजीकरण, प्रमाणपत्र वितरण और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा।
मौके पर सुनी जाएंगी जनसमस्याएं
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शिविरों में आने वाली जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर मौके पर ही समाधान किया जाए। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने पर फोकस रखा जाए।
इन स्थानों पर लगेंगे शिविर
तारीख
स्थान
22 सितंबर
विकासखंड बहादराबाद
24 सितंबर
विकासखंड भगवानपुर
26 सितंबर
नगर निगम हॉल, रुड़की
29 सितंबर
विकासखंड नारसन
1 अक्टूबर
विकासखंड लक्सर
3 अक्टूबर
विकासखंड खानपुर
6 अक्टूबर
नगर पालिका परिषद शिवालिक नगर
8 अक्टूबर
नगर पंचायत इब्राहिमपुर
9 अक्टूबर
नगर पालिका परिषद मंगलौर
13 अक्टूबर
नगर पंचायत पिरान कलियर
15 अक्टूबर
नगर पंचायत झबरेड़ा
17 अक्टूबर
अटल उत्कृष्ट कन्या इंटर कॉलेज, भगवानपुर
सभी बहुउद्देशीय शिविर सुबह 11 बजे से आयोजित किए जाएंगे।
22 विभाग लगाएंगे स्टॉल
अभियान में राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, श्रम, स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, पेयजल, ऊर्जा, वन, पशुपालन, मत्स्य, उद्यान और आपदा प्रबंधन समेत कुल 22 विभाग शामिल होंगे।
विभागों की ओर से शिविरों में स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और पात्र लोगों के आवेदन व पंजीकरण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
अधिकारियों को व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों, अधिशासी अधिकारियों और नोडल अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों की सहभागिता बढ़ाने और शिविरों में प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य साफ है—सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना, ताकि आमजन को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
