हरिद्वार,harshita। ऋषिकुल मैदान में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के जन्मदिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) शामिल हुए। सीएम धामी ने सतपाल महाराज को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतपाल महाराज का जीवन आध्यात्मिक चेतना, समाजसेवा और लोककल्याण के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी महाराज के प्रति लोगों के प्रेम और सम्मान को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री ने आगामी हरिद्वार कुंभ को दिव्य, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि देश-दुनिया से आने वाले श्रद्धालु हरिद्वार से सुखद और आध्यात्मिक अनुभव लेकर लौटें।
सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पहचान की रक्षा से कोई समझौता नहीं होगा। सरकार उत्तराखंड की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास को आगे बढ़ा रही है।
समारोह में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक आदेश चौहान, बृज भूषण गैरोला, पूर्व मंत्री अमृता रावत समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, संतगण और श्रद्धालु मौजूद रहे।
