हरिद्वार, 22 सितंबर 2026, हर्षिता। आगामी कुंभ मेला और स्नान पर्वों से पहले हरिद्वार शहर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने की दिशा में प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। शहर की सड़कों और गलियों में लंबे समय से दिखाई दे रहे झूलते, लटकते और अव्यवस्थित बिजली, टीवी केबल एवं इंटरनेट तारों को अब व्यवस्थित किया जाएगा।
जिला कार्यालय में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में इस संबंध में विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित विभागों और सेवा प्रदाता कंपनियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नगरीय क्षेत्र में जहां भी तारों का जंजाल है, उसे अगले 15 दिनों के भीतर सुरक्षित और व्यवस्थित किया जाए।
भूमिगत लाइन वाले क्षेत्रों में हटेंगे पुराने तार
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन क्षेत्रों में भूमिगत विद्युत लाइनें बिछाई जा चुकी हैं, वहां अनावश्यक और पुराने तारों को तत्काल हटाया जाए। वहीं, उपयोग में आ रहे तारों की बंचिंग कर उन्हें व्यवस्थित तरीके से लगाया जाए।
इसके साथ ही अवैध, अनुपयोगी और पुराने तारों को चरणबद्ध तरीके से हटाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अभियान में विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल और इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियां आपसी समन्वय से काम करेंगी।
कुंभ से पहले शहर को मिलेगा बेहतर स्वरूप
डीएम मयूर दीक्षित ने कहा कि आगामी कुंभ मेला और विभिन्न स्नान पर्वों को देखते हुए हरिद्वार को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि झूलते और बेतरतीब तार न केवल दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, बल्कि शहर की सुंदरता और स्वच्छता को भी प्रभावित करते हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और आगामी 2 से 3 महीनों में शहर के अन्य क्षेत्रों में भी केबल क्लटर एवं तारों के जंजाल को व्यवस्थित किया जाए।
प्रशासन के इस अभियान से कुंभ से पहले हरिद्वार के प्रमुख बाजारों, सड़कों और आवासीय क्षेत्रों में तारों का जंजाल कम होने के साथ शहर का स्वरूप भी अधिक साफ और व्यवस्थित नजर आने की उम्मीद है।
बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, नगर मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ ट्रैफिक बिपेंद्र सिंह, अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी सहित विद्युत विभाग, नगर निगम, टीवी केबल एवं इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

By DTI